चार हजार चयनित शिक्षकों की नियुक्ति का आदेश जारी
मध्य प्रदेश सरकार ने आखिरकार 4 हजार माध्यमिक और प्राथमिक शिक्षकों के नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) की ओर से जारी सूचना के अनुसार चयनित उम्मीदवार 12 मई से 18 मई 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से स्कूलों की चॉइस फिलिंग कर सकेंगे।
दरअसल, 6 मई को बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भोपाल स्थित DPI कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग उठाई थी। लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के आंदोलन के बाद सरकार ने यह फैसला लिया।
भर्ती प्रक्रिया 2022 में शुरू हुई थी, 2023 में पात्रता परीक्षा आयोजित की गई और अप्रैल 2025 में चयन परीक्षा संपन्न हुई। इसके बाद सितंबर 2025 में परिणाम जारी किया गया और चयन सूची प्रकाशित हुई। करीब 10,700 अभ्यर्थियों के चयन के बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया पिछले 9 महीनों से लंबित थी, जिससे उम्मीदवारों में नाराजगी बढ़ रही थी।



