भोपाल मेट्रो लॉन्च: मध्यप्रदेश के लिए ऐतिहासिक दिन
20 दिसंबर का दिन मध्यप्रदेश के लिए ऐतिहासिक है। शहरवासियों का वर्षों पुराना सपना अब पूरा होने जा रहा है। आज शाम 4 बजे केंद्रीय शहरी एवं आवासन मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी के वर्चुअल संदेश की संभावना है क्योंकि पीएम असम व पश्चिम बंगाल के दौरे पर होंगे। इसके पहले राजधानी के कुशाभाउ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में उत्तर और मध्य राज्यों के शहरी विकास मंत्रियों की क्षेत्रीय बैठक का आयोजन किया जाएगा, जिसमें छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव समेत 4 राज्यों के मंत्री और अधिकारी शामिल रहेंगे।
भोपाल मेट्रो का शुभारंभ शनिवार शाम 4 बजे कुशाभाउ इंटनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आवासन व शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। इसके बाद सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन से मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी। इसके बाद केंद्रीय मंत्री खट्टर और सीएम यादव भोपाल मेट्रो में बैठकर सुभाष नगर से एम्स अस्पताल तक मेट्रो की यात्रा करेंगे। इस दौरान मध्यप्रदेश के शहरी विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी मौजूद रहेंगे। एम्स मेट्रो स्टेशन पर पहुंचकर केंद्रीय मंत्री खट्टर और सीएम यादव मीडिया से संवाद करेंगे और भोपाल मेट्रों को लेकर सवालों के जवाब देंगे।
भोपाल मेट्रो के शुभारंभ से पहले मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, "मध्यप्रदेश एक साल में दो मेट्रो चलाने वाला देश का पहला प्रदेश बन गया है।" मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ये बात मीडिया से इंदौर एयरपोर्ट पर कही। उन्होंने कहा, "वर्ष 2025 दिसम्बर माह का अंतिम सप्ताह भी मप्र के लिए ऐतिहासिक साबित होगा।"



