बायजूस के फाउंडर बायजू रविंद्रन को सिंगापुर कोर्ट ने 6 महीने की जेल सुनाई
27 मई को देश की पहली बड़ी एडटेक कंपनी ‘बायजूस’ के संस्थापक बायजू रविंद्रन को सिंगापुर की एक अदालत ने 6 महीने की जेल की सजा सुनाई।
अदालत ने पाया कि रविंद्रन ने अपनी संपत्तियों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज छिपाए और अदालत के आदेशों का पालन नहीं किया, जिसे कोर्ट की अवमानना माना गया।
सिंगापुर कोर्ट के अनुसार, अप्रैल 2024 से रविंद्रन लगातार अपनी संपत्तियों और एसेट्स से जुड़ी जानकारी देने के आदेशों को नजरअंदाज कर रहे थे।
अदालत के बार-बार निर्देश देने के बावजूद आदेशों का पालन नहीं करने पर कोर्ट ने उन्हें दोषी करार देते हुए जेल भेजने का फैसला सुनाया।
कोर्ट ने रविंद्रन को तुरंत अधिकारियों के सामने सरेंडर करने का आदेश भी दिया है।
जेल की सजा के अलावा, अदालत ने उन पर 90,000 सिंगापुर डॉलर (करीब 67 लाख रुपए) का जुर्माना भी लगाया है, जिसे कानूनी खर्च के रूप में चुकाना होगा।



