सीयूईटी यूजी काउंसलिंग जुलाई में शुरू होगी
सीयूईटी यूजी 2026 परीक्षा अगले सप्ताह समाप्त हो जाएगी। इसके बाद जुलाई में काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय ने स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए अलग-अलग काउंसलिंग कराने का निर्णय लिया है।
वर्तमान में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सीयूईटी यूजी परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा परिणाम आने में लगभग एक महीने का समय लगेगा। इसके बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) विश्वविद्यालयों को विद्यार्थियों का डेटा उपलब्ध कराएगी।
इसी डेटा के आधार पर विश्वविद्यालय मेरिट और रैंक तैयार करेंगे। सीयूईटी यूजी परीक्षा 31 मई तक चलेगी और 28 पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा।
सीयूईटी पीजी की काउंसलिंग जून में शुरू होगी। जबकि यूजी और इंटीग्रेटेड कोर्स की काउंसलिंग जुलाई से प्रारंभ होगी। काउंसलिंग के लिए पंजीयन एनटीए से डेटा मिलने के बाद शुरू किया जाएगा।
सीयूईटी चेयरमैन राजेश शर्मा के अनुसार, रिजल्ट और डेटा मिलते ही पंजीयन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी ताकि विद्यार्थियों को जल्द प्रवेश मिल सके।
सीयूईटी के माध्यम से बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स, बीए जियोग्राफी, बीए सोशियोलॉजी, बीए एलएलबी, बीकॉम, बीकॉम ऑनर्स, बीबीए एविएशन, बीसीए और बीफार्मा जैसे कोर्सों में प्रवेश मिलेगा।
इसके अलावा एमबीए ई-कॉमर्स, एमबीए टूरिज्म, एमबीए फॉरेन ट्रेड, एमएससी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और पांच वर्षीय एमटेक प्रोग्राम भी शामिल हैं।



