दीपावली विश्व धरोहर बनकर रोशनी बिखरेगी


दीपावली विश्व धरोहर बनकर रोशनी बिखरेगी

लाल किला में आयोजित समारोह के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को यूनेस्को की टीम ने दीपावली को अमूर्त धरोहर की सूची में शामिल करने का प्रमाण पत्र सौंपा। एक ओर जब दिल्ली को यह सौभाग्य मिल रहा था, वहीं दूसरी ओर दिल्ली-एनसीआर के कई मंदिरों के प्रांगण दीपों से जगमगा रहे थे। लोग दीपावली मनाकर इस उपलब्धि की खुशियाँ मना रहे थे।

दीपावली के यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर की सूची में शामिल होने के ऐतिहासिक अवसर को दिल्लीवालों ने भी खास उत्सवी माहौल में मनाया। मंदिरों के शिखर से लेकर आंगन तक बिजली की लड़ियों और दीपों की रोशनी से सजा हुआ था। लोग दो महीने बाद फिर से दीपावली का आनंद ले रहे थे।

लोगों ने मंदिरों में विशेष सजावट की और दीपमाला सजाई। समाज के लोग उत्साहपूर्वक इस उत्सव में भागीदार बने और देश की धरोहर को मिलने वाली वैश्विक मान्यता पर एक-दूसरे को बधाई दी। चांदनी चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर और लाल जैन मंदिर को विशेष रूप से बिजली की लड़ियों से सजाया गया था।

दीपावली को यूनेस्को की अमूर्त धरोहर की सूची में शामिल होने पर लाल किला में आयोजित समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते कलाकार।

चांदनी चौक स्थित वनखंडी मंदिर में धुंधलकी बेला में पुरानी दिल्ली के गणमान्य लोगों ने शिवजी के चरणों में दीपक अर्पित कर "हर-हर महादेव" और "जय श्रीराम" के उद्घोष से मंदिर को गूंजायमान कर दिया। चांदनी चौक के पार्षद सुमन गुप्ता ने इसे चांदनी चौक के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया और कहा कि इस निर्णय को लाल किले में चल रहे यूनेस्को के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में लिया गया है।

इसी प्रकार, पूर्वी दिल्ली के पुरानी अनारकली स्थित सीताराम संत सेवा मंदिर में दीपोत्सव धूमधाम से मनाया गया। भीष्म लाल शर्मा चैरिटेबल ट्रस्ट ने मंदिर को दीयों से सजाया और ट्रस्ट के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने "सनातन की जय हो" के नारे लगाए।

गीता कॉलोनी स्थित स्वामी सर्वानंद गिरि संस्कृत विद्यालय में विद्यार्थियों ने भी दीपोत्सव मनाया और सांस्कृतिक मान्यता की इस ऐतिहासिक घटना को गौरव का क्षण माना।

दक्षिणी दिल्ली में, महरौली विधायक और डीडीसी चेयरमैन गजेंद्र यादव की अध्यक्षता में प्राचीन योगमाया मंदिर में दीप जलाए गए और पूजा-अर्चना की गई। गजेंद्र यादव ने कहा कि अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाला पर्व दीपावली को यूनेस्को की सूची में शामिल करना हर भारतीय के लिए गर्व की बात है।

समारोह में पूर्व निगम पार्षद आरती यादव, मां योगमाया रेजिडेंस मैनेजमेंट कमेटी अध्यक्ष ओमवती शर्मा, भाजपा नेता देवेंद्र सेजवाल, जिला पुलिस कमेटी मेंबर निखिल शर्मा, आलोक वत्स, लक्ष्मण शर्मा, दिनेश यादव, मोहित चौहान, पवन अरोड़ा आदि उपस्थित थे।




पत्रिका

...
Pratiyogita Nirdeshika February 2026
और देखे
...
Books for MPPSC Exam Preparation 2026 || विभिन्न परीक्षाओं हेतु उपयोगी 12 अंक मात्र 150 में
और देखे
...
Pratiyogita Nirdeshika January 2026
और देखे
...
Books for MPPSC Exam Preparation 2026 || विभिन्न परीक्षाओं हेतु उपयोगी 12 अंक मात्र 150 में
और देखे