डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय चावल पर टैरिफ की धमकी दी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को साफ-साफ संकेत दे दिया कि वे भारतीय चावल और कनाडा से आने वाली खाद (फर्टिलाइज़र) पर नए टैरिफ लगा सकते हैं। व्हाइट हाउस में अमेरिकी किसानों के लिए 12 अरब डॉलर की नई मदद की घोषणा करते हुए ट्रंप ने कहा कि विदेशी आयात से अमेरिकी किसान परेशान हैं और अब इस पर सख्त कदम उठाने का वक्त आ गया है।
ट्रंप ने कहा कि भारत समेत कुछ देश अमेरिका में चावल 'डंप' कर रहे हैं, यानी बहुत सस्ते दाम पर बेच रहे हैं, जिससे अमेरिकी चावल उत्पादकों की कमर टूट रही है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, "वे ऐसा नहीं कर सकते। हम इसकी इजाजत नहीं देंगे।" अमेरिकी किसान लंबे वक्त से शिकायत करते रहे हैं कि भारत, वियतनाम और थाईलैंड से आने वाला सस्ता चावल उनके मार्केट को बर्बाद कर रहा है। चावल के दाम गिरते जा रहे हैं और स्थानीय किसान मुसीबत में हैं। ट्रंप ने कहा, "मैंने दूसरों से भी सुना है कि डंपिंग हो रही है। हम इसका ख्याल रखेंगे।"
इस साल की शुरुआत में ट्रंप पहले ही भारत से आने वाले कई सामानों पर 50 फीसदी तक टैरिफ लगा चुके हैं। इसके पीछे की वजह बताई गई थी कि भारत अमेरिकी पर भारी भरकम टैरिफ लगाता है और रूस से तेल खरीदता है। इसके बाद अब चावल पर नया टैरिफ आने की पूरी आशंका है। ट्रंप ने कनाडा से आने वाली खाद पर भी कड़ी कार्रवाई की धमकी दी है। उन्होंने कहा, "अमेरिका में इस्तेमाल होने वाली काफी खाद कनाडा से आती है। अगर जरूरत पड़ी तो हम उस पर भी भारी टैरिफ लगा देंगे। इससे अमेरिका में ही खाद का उत्पादन बढ़ेगा।"