30 अक्टूबर से भोपाल में फैशन डिजाइनिंग आधारित स्टार्टअप प्रशिक्षण कार्यक्रम
मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मेपकास्ट) द्वारा युवाओं को फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में स्टार्टअप, उद्योग और स्वरोजगार स्थापित करने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
यह छह सप्ताह का निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम 30 अक्टूबर 2025 से महिला पॉलीटेक्निक के सहयोग से भोपाल में प्रारंभ होगा। यह कार्यक्रम भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा प्रवर्तित है।
इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों को फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में उपयुक्त प्रोजेक्ट चुनने और उसे सफलतापूर्वक संचालित करने में सक्षम बनाना है। प्रतिभागियों को सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक ज्ञान प्रदान किया जाएगा जिससे वे अपने स्टार्टअप को प्रभावी ढंग से शुरू और संचालित कर सकें।
प्रशिक्षण में विभिन्न विषयों पर फैशन डिजाइनिंग, उद्यमिता और तकनीकी अनुप्रयोग से संबंधित जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए आवेदक की योग्यता विज्ञान या इंजीनियरिंग में स्नातक, पॉलीटेक्निक डिप्लोमा या पीजीडीसीए होना आवश्यक है। आवेदक की अधिकतम आयु 35 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि महिला उम्मीदवारों को आयु में विशेष छूट दी जाएगी।
इच्छुक युवक और युवतियां 28 अक्टूबर 2025 तक www.mpcost.gov.in पर उपलब्ध आवेदन पत्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। किसी भी जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए मोबाइल नंबर 9926923001 पर संपर्क किया जा सकता है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में अपने करियर को नई दिशा देने और स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसर तलाशने का एक शानदार अवसर प्रदान करेगा।