दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान बनीं जेमिमा रोड्रिग्स - WPL 2025
दिल्ली कैपिटल्स ने विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के आगामी सीजन से पहले अपने नेतृत्व में बदलाव किया है। दिल्ली ने आगामी सीजन के लिए भारत की जेमिमा रोड्रिग्स को टीम की कप्तानी सौंपी है। वह इससे पहले उप-कप्तानी की जिम्मेदारी निभा रही थीं, लेकिन अगले सीजन में वह कप्तानी करती हुई नजर आएंगी।
दिल्ली की कप्तानी पहले मेग लेनिंग कर रही थीं, लेकिन फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिटेन न करने का फैसला किया था। इसके बाद टीम के मालिक पार्थ जिंदल ने कहा था कि वह एक भारतीय को कप्तानी देना चाहते हैं और 23 दिसंबर को दिल्ली ने जेमिमा को कप्तानी सौंपकर यह काम कर दिखाया।
जेमिमा को मिला सरप्राइज
दिल्ली ने अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें जेमिमा को कप्तानी सौंपने की पूरी प्रक्रिया दिखाई गई है। इसमें बताया गया कि जेमिमा को पहले से इस बात की जानकारी नहीं थी। उन्हें कुछ दिन पहले यह कहकर बुलाया गया था कि एक इवेंट है, लेकिन फिर उन्हें कप्तान बनने की जिम्मेदारी दी गई। इस वीडियो में उनके परिवार के लोग भी नजर आए, जिन्होंने जेमिमा के संघर्ष और क्रिकेट यात्रा के बारे में बातें कीं। इसके बाद टीम के मालिक पार्थ जिंदल उन्हें एक दिल्ली की टी-शर्ट देते हैं, जिस पर जेमिमा के नाम के आगे 'कप्तान' लिखा होता है। जेमिमा इसे देखकर हैरान रह जाती हैं, लेकिन उन्हें इस खबर से काफी खुशी होती है।
वर्ल्ड कप में दिखाया कमाल
जेमिमा वह खिलाड़ी हैं जिन्होंने हाल ही में भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेज़बानी में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। जेमिमा ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार शतकीय पारी खेली थी। उनकी यह पारी भारतीय टीम की ऐतिहासिक पारियों में शामिल है, क्योंकि इस पारी के दम पर भारत को जीत हासिल हुई थी।



