मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में समत्व भवन, मुख्यमंत्री निवास में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू) की महापरिषद की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मीडिया शिक्षा को आधुनिक तकनीक और रोजगारोन्मुखी बनाने के महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मुख्यमंत्री ने एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और साइबर मीडिया जैसे विषयों पर आधारित नए पाठ्यक्रम शुरू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विश्वविद्यालय को मीडिया क्षेत्र में एक एडवांस्ड रिसर्च इंस्टीट्यूट के रूप में विकसित करने और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव के अध्ययन व सर्वेक्षण कार्य शुरू करने की बात कही।
रीवा और खंडवा परिसरों में रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना भी बनाई जाएगी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों को स्वीकृति दी गई है।
स्वीकृत नए पाठ्यक्रम:
- एम.ए. (पत्रकारिता एवं क्रिएटिव राइटिंग)
- एम.ए. (मास कम्युनिकेशन)
- एम.ए. (एडवरटाइजिंग एवं पब्लिक रिलेशंस)
- एम.एससी. (इलेक्ट्रॉनिक मीडिया)
- एम.सी.ए. (अपडेटेड कोर्स)
पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया को यूजीसी पीएचडी अधिनियम 2022 के अनुसार अपडेट किया जाएगा। इसके साथ ही फेस डिटेक्शन उपस्थिति प्रणाली, प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग लैब तथा व्यावसायिक प्रशिक्षण की व्यवस्था को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में अन्य प्रशासनिक एवं शैक्षणिक सुधारों पर भी निर्णय लिए गए।



