प्रधानमंत्री मोदी का श्रीलंका दौरा और रेलवे परियोजनाओं का शुभारंभ


प्रधानमंत्री मोदी का श्रीलंका दौरा और रेलवे परियोजनाओं का शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का श्रीलंका दौरा कई मायनों में अहम रहा। उन्हें श्रीलंकाई सरकार द्वारा 'श्रीलंका मित्र विभूषण सम्मान' से नवाजा गया। इस दौरान पीएम मोदी ने मछुआरों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि हमने मछुआरों की आजीविका से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की और सहमति जताई कि हमें इस मामले में मानवीय दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने मछुआरों को तुरंत रिहा किए जाने और उनकी नौकाओं को वापस भेजने पर भी जोर दिया।

अपने तीन दिवसीय श्रीलंका दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी ऐतिहासिक शहर अनुराधापुर पहुंचे, जहां उन्होंने भारतीय सहायता से दो रेलवे परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं से श्रीलंका की रेल यात्री और माल वहन क्षमता बढ़ेगी और कुशल आवाजाही की सुविधा मिलेगी। इन परियोजनाओं को श्रीलंकाई अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

6 अप्रैल को पीएम मोदी अनुराधापुर स्थित प्रसिद्ध जया श्री महा बोधि मंदिर पहुंचे, जहां श्रीलंकाई राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके भी मौजूद थे। दोनों नेताओं ने मिलकर 91.27 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 780 करोड़ रुपये) की भारतीय सहायता से नवीनीकरण की गई 128 किलोमीटर लंबी माहो-ओमानथाई रेलवे लाइन का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने माहो से अनुराधापुरा तक 14.89 मिलियन अमेरिकी डॉलर (127 करोड़ रुपये) की भारतीय सहायता से उन्नत सिग्नलिंग प्रणाली के निर्माण का शुभारंभ किया।

ये परियोजनाएँ श्रीलंका में उत्तर-दक्षिण रेल संपर्क को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होंगी। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि भारतीय रेलवे की आधुनिक ट्रैक संरचना से अधिकतम गति 120 किमी प्रति घंटा होगी और भार वहन क्षमता 20 टन तक होगी। इस परियोजना का उन्नयन दो चरणों में पूरा किया गया।

दिसानायके के साथ पीएम मोदी की मित्रता

कोलंबो हो या अनुराधापुरा, इस यात्रा ने हमारे दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सभ्यतागत संबंधों की पुष्टि की है। पीएम मोदी ने दिसानायके के साथ कार्यक्रम स्थल पर जाने के दौरान एक फोटो साझा करते हुए लिखा, “अनुराधापुर में अपने मित्र के साथ।”

अनुराधापुरा का बोधगया से विशेष संबंध

अनुराधापुरा, जो कोलंबो से लगभग 200 किलोमीटर दूर स्थित है, एक आध्यात्मिक शहर है। यहां स्थित जया श्री महा बोधि मंदिर भारत-श्रीलंका संबंधों में विशेष महत्व रखता है। मान्यता है कि इस मंदिर में लगा बोधि वृक्ष भारत के बोधगया से भेजे गए एक पौधे से उत्पन्न हुआ था, जिसे सम्राट अशोक की बेटी, थेरी संघमित्रा ने लेकर श्रीलंका भेजा था।

मंदिर में भावुक क्षण

प्रधानमंत्री मोदी ने दिसानायके के साथ अनुराधापुरा के प्रतिष्ठित बौद्ध तीर्थस्थल पर जाकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और प्रमुख बौद्ध भिक्षुओं से आशीर्वाद लिया। भारत-श्रीलंका के बीच मजबूत सभ्यतागत संबंधों का प्रमाण माने जाने वाले इस मंदिर में उन्होंने पवित्र महाबोधि वृक्ष की पूजा की। पीएम मोदी ने कहा, "बौद्ध धर्म के सबसे प्रतिष्ठित स्थलों में शामिल इस मंदिर के दर्शन करना भावविभोर कर देने वाला क्षण है।"

श्रीलंका की 'पड़ोसी पहले' नीति में महत्व

श्रीलंकाई राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के कार्यालय ने एक बयान जारी कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की श्रीलंका यात्रा भारत की 'पड़ोसी पहले' नीति में द्वीपीय देश की महत्वपूर्ण भूमिका को पुष्ट करती है। इस यात्रा ने दोनों देशों के बीच सदियों पुरानी मित्रता और समृद्ध भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

श्रीलंका ने भारत को धन्यवाद दिया

श्रीलंका के उपविदेश मंत्री अरुण हेमचंद्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'मित्र विभूषण पुरस्कार' दिए जाने को भारत और श्रीलंका के द्विपक्षीय रिश्तों में एक महत्वपूर्ण पल माना। हेमचंद्रा ने यह भी कहा कि जब भी श्रीलंका संकट में होता है, भारत की 'पड़ोसी पहले' नीति हमेशा उनके लिए मददगार रही है।

14 भारतीय मछुआरों की रिहाई

6 अप्रैल को श्रीलंका ने एक विशेष पहल के तहत 14 भारतीय मछुआरों को रिहा किया। प्रधानमंत्री मोदी की ओर से मछुआरों के मुद्दे को मानवीय दृष्टिकोण से सुलझाने पर जोर देने के बाद यह कदम उठाया गया।

'श्रीलंका मित्र विभूषण सम्मान' से सम्मानित

इससे पहले श्रीलंकाई सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'श्रीलंका मित्र विभूषण सम्मान' से नवाजा। यह सम्मान उन देशों के राष्ट्राध्यक्षों को दिया जाता है जिनके श्रीलंका के साथ अच्छे संबंध होते हैं।

सम्मान प्राप्त करने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि यह भारत के 140 करोड़ लोगों का सम्मान है।




पत्रिका

...
Books for MPPSC Exam Preparation 2025 | विभिन्न परीक्षाओं हेतु उपयोगी 12 अंक मात्र 150 में
और देखे
...
प्रतियोगिता निर्देशिका - जुलाई 2025
और देखे
...
Books for MPPSC Exam Preparation 2025 | विभिन्न परीक्षाओं हेतु उपयोगी 12 अंक मात्र 150 में
और देखे
...
प्रतियोगिता निर्देशिका जून 2025
और देखे