प्रधानमंत्री मोदी को इथियोपिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान


प्रधानमंत्री मोदी को इथियोपिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मंगलवार को इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ से सम्मानित किया। यह सम्मान अदीस अबाबा स्थित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में आयोजित एक विशेष समारोह में प्रदान किया गया। प्रधानमंत्री मोदी इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को प्राप्त करने वाले पहले वैश्विक नेता बन गए हैं।

सम्मान स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने इसे भारत के 140 करोड़ नागरिकों को समर्पित करते हुए इथियोपिया की जनता और प्रधानमंत्री अबी अहमद के प्रति आभार व्यक्त किया। विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत-इथियोपिया साझेदारी को सशक्त बनाने और वैश्विक स्तर पर दूरदर्शी नेतृत्व के लिए प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान दिया गया है।

भारत- इथियोपिया के बीच हजारों वर्षों से संपर्क

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, भारत और इथियोपिया के बीच हजारों वर्षों से संपर्क, संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान रहा है। दोनों देश विविधता में एकता के प्रतीक हैं और शांति तथा मानवता के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि भारत और इथियोपिया ग्लोबल साउथ के प्रमुख साझेदार हैं और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिलकर काम करते रहे हैं।

दोनों नेताओं के बीच अर्थव्यवस्था, नवाचार, प्रौद्योगिकी, रक्षा, स्वास्थ्य और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में समर्थन के लिए इथियोपियाई प्रधानमंत्री का आभार भी जताया।

जॉर्डन के साथ द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने का लक्ष्य

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम एशियाई देशों के साथ भारत के संबंधों को नई दिशा देने के उद्देश्य से जॉर्डन पहुंचे थे। यह 37 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का पूर्ण द्विपक्षीय जॉर्डन दौरा था। पीएम मोदी और जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय के बीच हुई उच्चस्तरीय वार्ता में आतंकवाद के खिलाफ सहयोग, गाजा संकट, क्षेत्रीय शांति और आर्थिक साझेदारी पर व्यापक चर्चा हुई।

दोनों देशों ने अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाकर पांच अरब डॉलर करने का लक्ष्य तय किया। वर्तमान में भारत जॉर्डन का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है और वर्ष 2024 में दोनों देशों के बीच व्यापार 2.8 अरब डॉलर रहा। बैठक के बाद स्वच्छ ऊर्जा, जल प्रबंधन, संस्कृति और डिजिटल नवाचार से जुड़े पांच महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। नवीकरणीय ऊर्जा के साथ-साथ परमाणु ऊर्जा सहयोग पर भी बातचीत हुई।

इथियोपिया पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का ग्रीन कारपेट स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री अबी अहमद स्वयं एयरपोर्ट पर उन्हें लेने पहुंचे। होटल जाते समय उन्होंने पीएम मोदी को विज्ञान संग्रहालय और मित्रता पार्क भी दिखाया। इस दौरान आयोजित एक कॉफी समारोह में इथियोपिया की पारंपरिक कॉफी संस्कृति की झलक भी देखने को मिली।




पत्रिका

...
Pratiyogita Nirdeshika February 2026
और देखे
...
Books for MPPSC Exam Preparation 2026 || विभिन्न परीक्षाओं हेतु उपयोगी 12 अंक मात्र 150 में
और देखे
...
Pratiyogita Nirdeshika January 2026
और देखे
...
Books for MPPSC Exam Preparation 2026 || विभिन्न परीक्षाओं हेतु उपयोगी 12 अंक मात्र 150 में
और देखे