आरबीआई असिस्टेंट भर्ती 2026: 650 पदों के लिए आवेदन
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) में असिस्टेंट के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक है। जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे आरबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 650 उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार 08 मार्च 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
कौन कर सकते हैं आवेदन
उम्मीदवारों की आयु की गणना 01 फरवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है।
आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को आयु सीमा में छूट दी जाएगी। एससी और एसटी वर्ग को 5 वर्ष, ओबीसी वर्ग को 3 वर्ष तथा दिव्यांग उम्मीदवारों को 10 वर्ष की छूट दी जाएगी।
असिस्टेंट पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक (ग्रेजुएशन) की डिग्री होनी चाहिए।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी टेस्ट के आधार पर किया जाएगा।
प्रारंभिक परीक्षा में अंग्रेजी, न्यूमेरिकल एबिलिटी और रीजनिंग विषयों से 100 अंकों के 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि एक घंटा होगी।
प्रारंभिक परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा, जो कुल 200 अंकों की होगी।
वेतनमान
इस पद पर चयनित उम्मीदवारों को प्रतिमाह 29,000 रुपये से 78,640 रुपये तक वेतन दिया जाएगा।
रजिस्ट्रेशन फीस
जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 450 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
परीक्षा तिथि
आरबीआई के अनुसार प्रारंभिक परीक्षा 11 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी, जबकि मुख्य परीक्षा 07 जून 2026 को आयोजित होगी।