आरजीपीवी भोपाल और जबलपुर मेडिकल यूनिवर्सिटी तीन-तीन हिस्सों में बंटेंगी
भोपाल का राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) और जबलपुर की मेडिकल यूनिवर्सिटी जल्द ही तीन-तीन हिस्सों में बंट सकते हैं। आरजीपीवी के नए क्षेत्रीय हिस्से जबलपुर और उज्जैन में बनाए जाने की तैयारी है, जबकि मेडिकल यूनिवर्सिटी के हिस्से भोपाल और उज्जैन में प्रस्तावित हैं। उच्च स्तर पर इस पर जल्द फैसला होने की संभावना है।
विभाग ने दोनों विश्वविद्यालयों की संपत्ति और जिम्मेदारियों के बंटवारे पर काम शुरू कर दिया है। साथ ही, नए क्षेत्राधिकार तय करने की प्रक्रिया भी चल रही है। यह संकेत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की नोटशीट के संबंधित विभागों तक पहुंचने के बाद मिला।
नोटशीट में उल्लेख है कि 9 मई को पूरे मसले की समीक्षा हो सकती है। यह मामला केवल कुछ विभागों तक सीमित नहीं है। 17 विभागों तक यह नोटशीट पहुंची है, जिनमें नगरीय विकास, ग्रामीण विकास, राजस्व, स्वास्थ्य, वित्त, तकनीकी शिक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, संस्कृति, पर्यटन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि, उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा, सामान्य प्रशासन, गृह, विमानन और उद्योग शामिल हैं।
सभी विभागों से पूछा गया है कि उच्च स्तर पर तय 45 बिंदुओं पर अब तक क्या प्रगति हुई है। कई विभागों ने तय समय-सीमा, बजट उपलब्धता और कार्य की स्थिति का ब्यौरा भेजा है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की समन्वित समीक्षा पहली बार हो रही है। हालांकि, यदि मुख्यमंत्री पश्चिम बंगाल में होने वाले शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल होते हैं, तो समीक्षा बैठक की तारीख आगे बढ़ सकती है।



