राज्यों में बनेगी स्कूल क्वालिटी टास्क फोर्स
नीति आयोग ने देश में स्कूलों की गुणवत्ता सुधारने के लिए राज्य एवं जिला स्तर पर कार्यबल (टास्क फोर्स) गठित करने की वकालत की है। साथ ही रचनात्मक और छात्र केंद्रित शिक्षा के लिए कृत्रिम मेधा (एआई) को एकीकृत करने का सुझाव दिया है।
‘भारत में स्कूली शिक्षा प्रणाली: समयगत विश्लेषण एवं गुणवत्ता सुधार के लिए नीति ढांचा’ शीर्षक से जारी रिपोर्ट में आयोग ने स्कूलों की गुणवत्ता सुधारने के लिए 13 सिफारिशें दी हैं।
पाँच शैक्षणिक सिफारिशों में शिक्षण पद्धति, मूल्यांकन एवं सीखने में बुनियादी बदलाव, समग्र शिक्षा एवं छात्र कल्याण पर जोर, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल एकीकरण की पुनर्कल्पना, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) को मजबूत करना और शैक्षणिक नवाचार में एआई का एकीकरण शामिल हैं।
आठ प्रणालीगत सिफारिशों में विद्यालय संरचना में सुधार, बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, शासन सुधार, प्रशासनिक क्षमता निर्माण, राज्य एवं जिला स्तर पर टास्क फोर्स के माध्यम से “समाज के समग्र दृष्टिकोण” को संस्थागत बनाना तथा स्कूल प्रबंधन समितियों को सशक्त करना शामिल है।