उच्च शिक्षा की ई-प्रवेश प्रक्रिया में विद्यार्थियों का उत्साह, पंजीयन संख्या 1.10 लाख के पार
उच्च शिक्षा विभाग के ई-प्रवेश पोर्टल पर शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विद्यार्थियों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते कुछ दिनों में पंजीयन की गति में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
सोमवार, 11 मई 2026 तक कुल पंजीयन का आंकड़ा 1,10,079 तक पहुंच गया है। इनमें 71,716 पंजीयन स्नातक पाठ्यक्रमों, 15,273 पंजीयन स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों तथा 23,090 पंजीयन एनसीटीई पाठ्यक्रमों के लिए प्राप्त हुए हैं।
विद्यार्थियों द्वारा चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया में भी तेजी देखी जा रही है। अब तक 75,017 विद्यार्थियों ने अपनी पसंद के महाविद्यालय और पाठ्यक्रमों का चयन कर लिया है। वहीं 56,240 आवेदनों का दस्तावेज सत्यापन कार्य भी पूर्ण किया जा चुका है।
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश के सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क, मार्गदर्शन केंद्र तथा दस्तावेज सत्यापन की समुचित व्यवस्था की गई है।
विभागीय अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनिटरिंग एवं प्रचार-प्रसार गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों के बीच ई-प्रवेश प्रक्रिया को लेकर सकारात्मक माहौल बना हुआ है।
विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण तिथियां
उच्च शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे प्रथम चरण के पंजीयन की अंतिम तिथि 15 मई 2026 से पहले प्रवेश संबंधी सभी प्रक्रियाएं पूर्ण कर लें।
- प्रथम चरण पंजीयन की अंतिम तिथि: 15 मई 2026
- स्नातक प्रथम आवंटन सूची जारी होने की तिथि: 20 मई 2026
- स्नातकोत्तर प्रथम आवंटन सूची जारी होने की तिथि: 21 मई 2026
विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे समय सीमा के भीतर पंजीयन, चॉइस फिलिंग और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर अपने पसंदीदा महाविद्यालय और पाठ्यक्रम में प्रवेश सुनिश्चित करें।



