हमारे देश में गणित की शिक्षा देने वाले कई प्रतिष्ठित संस्थान हैं। स्नातक स्तर पर गणित की शिक्षा देने वाले दो विश्वस्तरीय संस्थान भारतीय सांख्यिकी संस्थान (आई.एस.आई.), बैंगलुरू एवं चेन्नई गणित संस्थान (सी.एम.आई.), चेन्नई हैं। आई.एस.आई. गणित तथा कंप्यूटर विज्ञान में बी. मैथ्स डिग्री एवं सी.एम.आई. गणित की बी.एससी. डिग्री कोर्स चलाते हैं, जिनमें प्रवेश प्रत्येक वर्ष मई के अंत में भारत के विभिन्न केन्द्रों पर आयोजित की जाने वाली एक लिखित प्रवेश परीक्षा के माध्यम से दिया जाता है। आई.एस.आई. एवं सी.एम.आई. दोनों संस्थान ऐसे छात्रों को भी अपने संस्थान में प्रवेश देते हैं जो इण्डियन नेशनल मैथेमेटिकल ओलंपियाड (आई.एन.एम.ओ.) में उत्तीर्ण होते हैं या किशोर वैज्ञानिक प्रोत्साहन योजना (के.वी.पी.वाई.) अध्येता होते हैं। गणित में विशेषज्ञतापूर्ण पाठ्यक्रम चलाने वाले देश के अन्य प्रमुख संस्थान इस प्रकार हैं- औद्योगिक गणित में पाठ्यक्रम पुणे विश्वविद्यालय , पुणे में उपलब्ध है। न्यूमेरिकल मैथेमेटिक्स पाठ्यक्रम मदुरै कामराज विश्वविद्यालय, मदुरै में उपलब्ध है। गणितीय अर्थशास्त्र में पाठ्यक्रम देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर में उपलब्ध है। अनुप्रयुक्त सांख्यिकी में पाठ्यक्रम मद्रास विश्वविद्यालय, चेन्नई में उपलब्ध है। भारत में 135 से भी अधिक विश्वविद्यालय गणित से जुड़े कोर्स चलाते हैं। ये कोर्स गणित विभागों द्वारा चलाए जाते हैं। कुछ विश्वविद्यालय शुद्ध गणित एवं अनुप्रयुक्त गणित में विशिष्टता प्रदान करते हैं। विद्यार्थी भारत में कुछ संस्थानों द्वारा चलाए जाने वाले एकीकृत एम.एससी. पीएचडी डिग्री कोर्स के लिए भी आवेदन कर सकते हैं। एमएससी-पीएचडी कोर्स के लिए देश के-प्रमुख संस्थान इस प्रकार हैं- टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च (टी.आई.एफ.आर.), मुंबई। लिखित परीक्षा तथा उसके बाद साक्षात्कार के माध्यम से इस संस्थान के पीएचडी पाठ्यक्रम में प्रवेश दिया जाता है। भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आई.आई.एस.ई.आर.), पुणे/मोहाली/कोलकाता/त्रिवेन्द्रम/भोपाल तथा राष्ट्रीय विज्ञान शिक्षा अनुसंधान संस्थान (एन.आई.एस.ई.आर.), भुवनेश्वर में भी गणित में एकीकृत एमएससी डिग्री कोर्स उपलब्ध है। आई.आई.एस.ई.आर. विद्यार्थियों को आई.आई.टी. प्रवेश परीक्षा के आधार पर प्रवेश देता है जबकि एन.आई.एस.ई.आर. राष्ट्रीय प्रवेश जाँच परीक्षा (एन.ई.एस.टी.) के माध्यम से प्रवेश देता है। विद्यार्थी हैदराबाद विश्वविद्यालय, हैदराबाद द्वारा गणित में चलाए जाने वाले एकीकृत एमएससी पाठ्यक्रम में भी प्रवेश ले सकते हैं। यह विश्वविद्यालय छात्रों को जून के प्रारंभ में आयोजित की जाने वाली एक लिखित परीक्षा के माध्यम से प्रवेश देता है। पांडिचेरी विश्वविद्यालय एवं विभिन्न आई.आई.टी. गणित में पाँच वर्षीय एकीकृत पाठ्यक्रम चलाते हैं। इन विशेष पाठ्यक्रमों के अलावा सामान्य, शुद्ध एवं अनुप्रयुक्त गणित में भी कंप्यूटेशनल मैथेमेटिक्स, मैथेमेटिकल स्टेटिस्टिक्स तथा मैथेमेटिकल, अर्थशा, कंप्यूटर अनुप्रयोग सहित गणित, औद्योगिक गणित एवं कार्यात्मक गणित के रूप में ऐसे विषयों पर कई कोर्स उपलब्ध हैं। गणित के दो अन्य अत्यधिक महत्वपूर्ण क्षेत्र सांख्यिकीय गुणवत्ता नियंत्रण तथा परिचालन अनुसंधान हैं। इस क्षेत्र में कोर्स कराने वाले प्रमुख संस्थान हैं- सांख्यिकी में स्नातकोत्तर डिप्लोमा डॉ. बी.आर. अंबेडकर विश्वविद्यालय, मराठवाड़ा में उपलब्ध है। स्वास्थ्य सांख्यिकी में डिप्लोमा कोर्स अखिल भारतीय स्वास्थ्य एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थान, कोलकाता में उपलब्ध है। सांख्यिकी में दो वर्षीय पी.जी. डिप्लोमा कोर्स बनारस हिंदू विश्वविद्यालय,वाराणसी में उपलब्ध है।