मेरी पर्यटन में रुचि है, मैं इसे करियर के रूप में अपनाना चाहता हूँ। इस क्षेत्र में रोजगार की संभावना बताइए?
ऐतिहासिक स्थलों के साथ-साथ धार्मिक स्थलों पर पर्यटन बढ़ने से यह सेक्टर युवाओं के लिए रोजगार का एक बड़ा क्षेत्र बनता जा रहा है। समय के साथ घूमने-घूमाने का तरीका भी बदलता जा रहा है। सेवा आधारित पर्यटन उद्योग अब क्रिएटिव इंडस्ट्री बनता जा रहा है। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए अब कस्टमाइज पर्यटन पर जोर दिया जा रहा है। कैसे पर्यटकों के लिए पर्सनलाइज्ड अनुभव को बढ़ाया जाए, इस पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। इस क्षेत्र में नौकरियां बढ़ने के साथ-साथ इसका स्वरूप भी बदल रहा है। भारत आज विश्व की बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देशों में एक है और पर्यटन क्षेत्र इस बढ़ती अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
पर्यटन क्षेत्र में किसी भी स्ट्रीम के छात्र अपना करियर शुरू कर सकते हैं। इस हेतु देश के कई कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में ट्रैवल और टूरिज्म में डिप्लोमा और स्नातक जैसे कोर्स उपलब्ध हैं। हालांकि, आने वाले दिनों में बड़े कोर्स के मुकाबले छोटे कोर्स की मांग बढ़ेगी। जैसे होमस्टे चलाने के लिए शहर दिखाने के कोर्स, कुकिंग से संबंधित कोर्स आदि। इस तरह के कोर्स के लिए प्रमुख संस्थान जैसे जामिया मिल्लिया इस्लामिया, नई दिल्ली, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी, इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, पूसा, नई दिल्ली, इग्नू आदि हैं।
भारत में हवाई यात्रा, रेल और सड़क नेटवर्क में सुधार हुआ है, जिससे लोग यात्रा में अधिक रुचि दिखा रहे हैं। यह आने वाले समय में रोजगार का एक बड़ा क्षेत्र रहेगा। आप इस बदलते उद्योग के साथ नए कौशल प्राप्त करके पर्यटन क्षेत्र में एक अच्छा करियर बना सकते हैं।