सीएम शिवराज ने किया 108 फीट ऊंची आचार्य शंकर की मूर्ति का अनावरण ओंकार की नगरी में आचार्य शंकर

भारत को सांस्कृतिक धरातल पर एक सूत्र में पिरोने वाले आचार्य शंकर की मांधाता पर्वत पर बहुधातु से बनी 108 फीट ऊंची मूर्ति का अनावरण सीएम शिवराज सिंह ने किया। एकात्मकता का प्रतीक इस प्रतिमा को स्टैच्यू ऑफ वननेस का नाम दिया गया है। सीएम संतों के साथ अस्थायी एलिवेटर से 75 फीट ऊपर प्लेटफॉर्म पर पहुंचे। पूजा के बाद मूर्ति की परिक्रमा की। आचार्य के चरणों में साष्टांग नमन कर प्रदेश की धरा को कृतार्थ करने की प्रार्थना की। मांगलिक अनुष्ठान के साथ 2200 करोड़ से बनने वाले अद्वैत-लोक का शिलान्यास किया। सीएम और संतों ने वैदिक यज्ञ में आहुति दी। सभी ने एकात्म के ओजस्वी प्रकाश से मानवता का युगों-युगों तक कल्याण की कामना की।

शिवराज ने कहा, आदि शंकराचार्य ने सांस्कृतिक रूप से देश को जोड़ा। उनकी जन्म स्थली केरल थी। उन्होंने ओंकारेश्वर में ज्ञान प्राप्त किया। यहां से वे काशी की ओर बढ़े। उनके अद्वैत वेदांत के कारण भारत एक है। आदि गुरु ने देश के चार कोनों में चार मठों की स्थापना की। आने वाली पीढ़ियों को अद्वैत ज्ञान मिले, इसलिए एकात्म धाम बन रहा है।