2021 की फिल्मों में ये सर्वश्रेष्ठ
‘सरदार उधम’ सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म
दिल्ली में 24 अगस्त को शाम 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई। इसमें 2021 की फिल्मों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए गए। आर. माधवन की ‘रॉकेट्री’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म, विक्की कौशल की 'सरदार उधम' को सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म, जबकि एस.एस. राजामौली की ‘आरआरआर’ को सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म घोषित किया गया। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार ‘पुष्पा’ के लिए अल्लू अर्जुन ने जीता। आलिया भट्ट (गंगूबाई काठियावाड़ी) और कृति सेनन (मिमी) को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री घोषित किया गया। दोनों अभिनेत्रियों ने पहली बार नेशनल फिल्म अवॉर्ड जीता है। दादा साहब फाल्के अवॉर्ड की घोषणा फिलहाल नहीं की गई।
पुरस्कारों में 'आरआरआर', ‘पुष्पा', ‘गंगूबाई काठियावाड़ी' और ‘द कश्मीर फाइल्स’ का दबदबा रहा। ‘आरआरआर’ ने सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म के अलावा चार और श्रेणियों (एक्शन डायरेक्शन, स्पेशल इफेक्ट्स, कोरियोग्राफी, पाश्र्व गायक) में पुरस्कार जीते। ‘द कश्मीर फाइल्स’ को नर्गिस दत्त अवॉर्ड, जबकि विष्णु वर्धन की ‘शेरशाह' को विशेष ज्यूरी अवॉर्ड दिया गया। दिल्ली में होने वाले समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ये पुरस्कार प्रदान करेंगी। समारोह की तारीख की घोषणा बाद में होगी। सूत्रों ने बताया कि फाल्के अवॉर्ड की घोषणा के बाद समारोह की तारीख तय होगी। फाल्के अवॉर्ड भारतीय सिनेमा का सर्वोच्च सम्मान हैै।
अभिनेत्री: आलिया भट्ट (गंगूबाई काठियावाड़ी), कृति सेनन (मिमी)
अभिनेता: अल्लू अर्जुन (पुष्पा)
फीचर फिल्म: रॉकेट्री
लोकप्रिय फिल्म: आरआरआर
हिंदी फिल्म: सरदार उधम
गुजराती फिल्म: छेल्लो शो
सह-अभिनेता: पंकज त्रिपाठी (मिमी)
सह-अभिनेत्री: पल्लवी जोशी (द कश्मीर फाइल्स)
निर्देशक: निखिल महाजन (गोदावरी/मराठी)
संगीत: देवी श्रीप्रसाद (पुष्पा)
कोरियोग्राफी: आरआरआर
गैर-फीचर फिल्म: एक था गांव
श्रेया घोषाल का पांचवां अवॉर्ड
श्रेया घोषाल ने तमिल फिल्म ‘इराविन निजल’ के गाने ‘मायावा चयावा’ के लिए सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायिका व ‘आरआरआर’ के गाने ‘कोमुराम भीमुडो’ के लिए काल भैरव को सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायक का पुरस्कार दिया। श्रेया का यह 5वां नेशनल अवॉर्ड है। उन्होंने पहली बार ‘बैरी पिया’ (देवदास) के लिए यह अवॉर्ड जीता था।
28 भाषाओं की 280 फिल्मों में मुकाबला
पुरस्कारों के लिए 28 भाषाओं की 280 फिल्मों की एंट्री आईं। इनमें गैर-फीचर फिल्में शामिल हैं। पुरस्कारों में फीचर फिल्म के लिए 31 और गैर-फीचर के लिए 24 श्रेणियां हैं। कोरोना के कारण 2020 और 2021 में इन पुरस्कारों की घोषणा नहीं की गई थी।