मप्र लोकसेवा आयोग (पीएससी) ने राज्य वन सेवा परीक्षा-2023 की घोषणा कर दी है। 6 अक्टूबर 2023 को पीएससी ने परीक्षा को लेकर वेबसाइट पर अधिसूचना जारी की है। इसमें सहायक वन संरक्षक (असिस्टेंट फारेस्ट कंजर्वेटर) और वन क्षेत्रपाल (रेंजर) के पदों पर भर्ती की जाएगी।
परीक्षा के लिए उम्मीदवार 18 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच आनलाइन आवेदन कर सकेंगे। राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 17 दिसंबर को रखी है, जो दो सत्र में करवाई जाएगी। जिन अभ्यर्थियों ने राज्य सेवा परीक्षा के आवेदन पहले भर दिए थे, उनके लिए भी लिंक खुलेगी तो वे अपने फार्म अपडेट कर वन सेवा में भी प्रतिभागिता कर सकेंगे। राज्य वन सेवा-2023 में सहायक वन संरक्षक के 13 पद रखे गए हैं।
17 दिसंबर को पहला पेपर सामान्य अध्ययन का होगा, जो सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक चलेगा। दूसरा पेपर सामान्य अभिरुचि परीक्षण का रहेगा। दोपहर 2.15 से शाम 4.15 बजे तक होगा।