राष्ट्रपति द्वारा शिक्षक दिवस पर किया जाएगा सम्मानित

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2023 के लिए शिक्षिका चेतना खांबेटे का चयन

केंद्रीय विद्यालय 2, बीएसएफ इंदौर की शिक्षिका चेतना खांबेटे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2023 के लिए चयनित की गई है। खांबेटे ने शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण और नवाचारी शिक्षण प्रथाओं की वजह से अपनी अविस्मरणीय छाप छोडी है। जीव विज्ञान में एक उत्कृष्ट शिक्षिका के रूप में केन्द्रीय विद्यालय संगठन में विभिन्न विद्यालयों में खांबेटे की यात्रा सचमुच प्रेरणास्त्रोत है जो सोलापूर से होते हुए केंद्रीय विद्यालय 2, बीएसएफ इंदौर तक पहुंची जहां इन्होंने लगातार दस वर्षों तक अपनी सेवाएं दी है। खांबेटे ने अपने छात्रों के लिए समग्र शिक्षण वातावरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। शिक्षा के लिए समर्पित गैर सरकारी संगठन एकलव्य के साथ उनकी व्यापक भागीदारी ने उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने में सक्षम बनाया है। इसके साथ ही एचएसटीपी, सवालीराम, चकमक क्लब और विज्ञान प्रशिक्षण जैसी पहलों के माध्यम से इन्होंने लगातार पारंपरिक शिक्षण की सीमाओं को आगे बढ़ाया है। 5 सितंबर को शिक्षक दिवस पर पुरस्कार समारोह के आयोजन के साथ ही चेतना खांबेटे को शाम 4.15 बजे भारत के राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाएगा।